जालंधर, 09 सितंबर 2025: जालंधर नगर निगम में हाल ही में बड़ी हलचल देखने को मिली है। खबर है कि ओएंडएम (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) ब्रांच के सब-डिवीजनल ऑफिसर (एसडीओ) गगन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, गगन ने कुछ दिन पहले ही इस्तीफा सौंप दिया था, जिसे अब जाकर मंजूरी मिली है।
दरअसल, हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण जालंधर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या देखने को मिली थी। पानी की निकासी में देरी होने पर मेयर वनीत धीर और सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू ने नगर निगम के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी। इस दौरान बलबीर सिंह बिट्टू ने खुले तौर पर एसडीओ गगन को जलभराव के लिए जिम्मेदार ठहराया था। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद गगन ने उसी दिन अपना इस्तीफा सौंप दिया।
सूत्रों ने यह भी खुलासा किया कि गगन कॉन्ट्रैक्ट बेस पर नगर निगम में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इसके अलावा, उनके खिलाफ पहले भी विजिलेंस द्वारा पूछताछ की जा चुकी है, खासकर विधायक रमन अरोड़ा से जुड़े एक भ्रष्टाचार मामले में उनका नाम सामने आने के बाद।
ये भी देखे: जालंधर नगर निगम की अवैध निर्माणों पर सख्ती, तारा पैलेस तीसरी बार सील