रोहतक में कारोबारी को रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ की रंगदारी की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

by Manu
extortion

रोहतक, 07 फ़रवरी 2026: रोहतक शहर के एक प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी को कुख्यात रोहित गोदारा गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कारोबारी की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने उन्हें दो गनमैन उपलब्ध करा दिए हैं और साइबर सेल को भी अलर्ट कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार कारोबारी को 3 फरवरी को व्हाट्सएप पर कॉल आई थी। उस समय वे किसी अन्य मामले में समझौते के लिए थाने में मौजूद थे जिसके कारण कॉल रिसीव नहीं हो सकी। इसके तुरंत बाद उनके व्हाट्सएप नंबर पर दो वॉयस नोट भेजे गए। इन वॉयस नोट में एक व्यक्ति ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया और दो घंटे के भीतर कॉल बैक करने की चेतावनी दी। धमकी में कहा गया कि अगर कॉल बैक नहीं किया गया तो गोली मार दी जाएगी।

कारोबारी ने इस धमकी की जानकारी तुरंत पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर कारोबारी को दो गनमैन उपलब्ध कराए गए हैं ताकि उन्हें किसी भी खतरे से बचाया जा सके।

पुलिस ने साइबर सेल को भी अलर्ट कर दिया है। साइबर सेल अब धमकी देने वाले नंबर और वॉयस नोट की तकनीकी जांच कर रहा है।

ये भी देखे: झज्जर में गौड़ अस्पताल संचालक को दो करोड़ की रंगदारी की मिली धमकी, पुलिस ने दर्ज किया केस

You may also like