Robert Vadra on Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले, जिसमें 28 लोगों की जान गई, ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हमले की सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने कड़ी निंदा की है। इस बीच, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा का इस मामले पर दिया गया बयान विवादों में घिर गया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए रॉबर्ट वाड्रा ने हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई, लेकिन उनके बयान ने विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा, “मुझे बहुत दुख है और इस आतंकी हमले में मारे गए लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। लेकिन हमारे देश में मौजूदा माहौल, जहां सरकार हिंदुत्व की बात करती है, उससे अल्पसंख्यक असहज और परेशान महसूस करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “इस हमले को देखें तो आतंकी लोगों की धार्मिक पहचान पूछकर हत्या कर रहे थे। ऐसा क्यों? क्योंकि देश में हिंदू-मुसलमान के बीच एक विभाजन पैदा हो गया है। इससे आतंकी संगठनों को लगता है कि हिंदू मुसलमानों के लिए समस्या हैं। यह प्रधानमंत्री के लिए एक संदेश है, क्योंकि मुसलमान और अल्पसंख्यक कमजोर महसूस कर रहे हैं। देश में सुरक्षा और धर्मनिरपेक्षता का माहौल ऊपर से बनना चाहिए, ताकि ऐसी घटनाएं न हों।”
रॉबर्ट वाड्रा के इस बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेताओं ने इसे आतंकवाद को जायज ठहराने वाला और देश में नफरत फैलाने वाला बयान बताया। सोशल मीडिया पर भी उनके बयान की कड़ी आलोचना हो रही है।
ये भी देखे: सऊदी अरब से लौटे पीएम मोदी, एयरपोर्ट पर डोभाल और जयशंकर के साथ आपात बैठक