Reasi Landslide: रियासी में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, मलबे में दबने से दो लोगों की मौत

by Manu
Reasi Landslide

जम्मू, 23 जुलाई 2025: Landslide in Reasi: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन का सिलसिला जारी है। मंगलवार की देर रात रियासी (Reasi Landslide) जिले के माहौर क्षेत्र में बदोरा के पास मशहूर शिव गुफा के निकट हुए भूस्खलन में दो युवकों की मौत हो गई।

अधिकारियों के अनुसार, मृतक रशपाल सिंह (26) और रवि कुमार (23) गुफा के पास एक तंबू में सो रहे थे। तभी अचानक पहाड़ से मलबा गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। रशपाल एक जेसीबी ऑपरेटर था और दोनों एक आगामी धार्मिक आयोजन की तैयारी के लिए वहां मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को निकाला और जांच शुरू कर दी।

माता वैष्णो देवी मार्ग पर भी हुआ था भूस्खलन

इससे पहले, भारी बारिश के कारण रियासी में श्री माता वैष्णो देवी मार्ग पर भी भूस्खलन हुआ था। इस भूस्खलन में एक यात्री की मौत और नौ अन्य घायल हो गए। इस घटना के चलते यात्रा को करीब तीन घंटे तक रोकना पड़ा। बाद में इसे फिर से शुरू कर दिया गया। बारिश के कारण बैटरी कार और हेलीकॉप्टर सेवाएं भी बंद हैं।

मौसम विभाग ने कठुआ, सांबा, उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, रियासी, जम्मू, राजौरी, पुंछ, बारामूला और अनंतनाग में अचानक बाढ़ और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया है।

ये भी देखे: जम्मू-कश्मीर के रियासी में वैष्णो देवी मंदिर के पुरान मार्ग पर भूस्खलन, 4 लोग घायल

You may also like