चंडीगढ़, 07 मार्च 2026: बॉलीवुड रैपर-सिंगर बादशाह का हालिया हरियाणवी फोक सॉन्ग ‘टटीरी’ (Tateeree) अब यूट्यूब से हटा दिया गया है। 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ यह गाना विवादों में घिरने के बाद सरकार की कानूनी शिकायत पर यूट्यूब ने एक्शन लिया। अब भारत में यूजर्स इस सॉन्ग का कंटेंट नहीं देख पा रहे हैं।
सॉन्ग के यूट्यूब वीडियो पर अब ‘यह वीडियो आपके देश में उपलब्ध नहीं है’ का मैसेज दिख रहा है। चैनल पर सॉन्ग से जुड़े कमेंट सेक्शन को भी बंद कर दिया गया है। वीडियो डिस्क्रिप्शन में गाने के बारे में कोई डिटेल नहीं बची है। गाने को रिलीज के कुछ ही दिनों में 50 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे।
गाने की एक लाइन ‘आया बादशाह डोली चढ़ाने इन सबकी घोड़ी बनाने’ को आपत्तिजनक और महिलाओं का अपमान करने वाला बताकर कई सामाजिक संस्थाओं और संगठनों ने विरोध किया था। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने बादशाह को समन जारी किया था जिसमें उन्हें 13 मार्च को अपना पक्ष रखने के लिए पेश होने को कहा गया था।
शुक्रवार को पंचकूला क्राइम ब्रांच और जींद के थाने में गाने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
ये भी देखें: बादशाह के टटीरी सॉन्ग पर पंचकूला में FIR, महिला आयोग ने बादशाह को तलब किया