नई दिल्ली, 22 अगस्त 2025: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के भारत-पाकिस्तान की तुलना वाले बयान पर करारा जवाब दिया है। मुनीर ने हाल ही में अमेरिका के फ्लोरिडा में एक कार्यक्रम में भारत को ‘हाईवे पर दौड़ती चमकती मर्सिडीज’ और पाकिस्तान को ‘बजरी से भरा डंप ट्रक’ बताया था। इस बयान पर खूब हंगामा हुआ और सोशल मीडिया पर उनकी जमकर ट्रोलिंग हुई।
राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को इकोनॉमिक टाइम्स के एक कार्यक्रम में इस बयान पर तंज कसते हुए कहा, “दो देश एक साथ आजाद हुए। एक ने मेहनत, सही नीतियों और दूरदृष्टि से फरारी जैसी अर्थव्यवस्था खड़ी की, जबकि दूसरा आज भी डंपर की हालत में है। यह पाकिस्तान की अपनी नाकामी का सबूत है। मैं मुनीर के बयान को मजाक नहीं, बल्कि उनकी हार का इकबालिया बयान मानता हूं।”
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि मुनीर ने अनजाने में उस ‘कबीलाई और लुटेरी मानसिकता’ की ओर इशारा किया है, जिसने पाकिस्तान को जन्म से ही जकड़ रखा है। उन्होंने जोर देकर कहा, “हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भारत की समृद्धि, संस्कृति और आर्थिक ताकत के साथ-साथ हमारी रक्षा क्षमता और राष्ट्रीय सम्मान के लिए लड़ने का जज्बा भी उतना ही मजबूत रहे।”
मुनीर ने अपने बयान में यह भी कहा था कि अगर दोनों देशों में टकराव हुआ, तो भारत को नुकसान होगा, क्योंकि ‘डंप ट्रक’ मर्सिडीज को नुकसान पहुंचा सकता है। इस पर राजनाथ ने चेतावनी दी कि भारत इस तरह के बयानों को हल्के में नहीं लेगा और किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।
ये भी देखे: ऑपरेशन सिंदूर पर राजनाथ सिंह सोमवार को करेंगे चर्चा की शुरुआत, पीएम मोदी भी रहेंगे मौजूद