राजस्थान, 23 जून 2025: दक्षिण पश्चिम मानूसन की सक्रियता के चलते राजस्थान के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को कई इलाकों में तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। राजधानी जयपुर समेत कई इलाकों में सोमवार की सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 23-24 जून को पूर्वी राजस्थान में तेज बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग द्वारा इस दौरान भरतपुर कोटा और जयपुर संभाग में कई जगह तेज बारिश होने की चेतावनी दी गई है। सोमवार को कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में 25-27 जून के दौरान आंधी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इस दिन से बढ़ेगी भारी बारिश की संभावना
इसके अनुसार, बंगाल की खाड़ी में आने वाले दिनों में एक नया मौसमी तंत्र बनने के कारण पूर्वी राजस्थान में 27 जून से फिर झमाझम भारी बारिश की संभावना बढ़ेंगी। इसके अलावा सीकर, बारां, दौसा, राजधानी जयपुर, टोंक, झालावाड़, नागौर और कोटा सहित कई जिलों में सोमवार सुबह से ही बादल गरजने के साथ बारिश का दौर जारी है।