नई दिल्ली, 27 मार्च 2025: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही भारत का दौरा करने वाले हैं। यह उनकी रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पहली भारत यात्रा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल रूस दौरे के दौरान पुतिन को भारत आने का न्योता दिया था, जिसे अब पुतिन ने स्वीकार कर लिया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने गुरुवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पुतिन की भारत यात्रा की तैयारियां चल रही हैं, हालांकि अभी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है।
लावरोव ने एक सम्मेलन में कहा, “राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। अब हमारी बारी है।” यह दौरा भारत और रूस के बीच दशकों पुराने मजबूत रिश्तों को और गहरा करने का संकेत देता है। खास बात यह है कि पीएम मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल की पहली विदेश यात्रा के लिए रूस को चुना था, और अब पुतिन का भारत आना दोनों देशों के बीच बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
क्या होगी चर्चा?
पुतिन और मोदी की इस मुलाकात में कई अहम मुद्दों पर बातचीत की उम्मीद है। रूस-यूक्रेन युद्ध, अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद वैश्विक समीकरणों में आए बदलाव, और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर फोकस रहेगा। भारत ने यूक्रेन युद्ध पर हमेशा तटस्थ रुख अपनाया है। पीएम मोदी ने पुतिन से साफ कहा था, “यह युद्ध का युग नहीं है।” भारत ने संयुक्त राष्ट्र में रूस के खिलाफ प्रस्तावों पर वोटिंग से दूरी बनाई और पुतिन की खुली आलोचना से भी बचा है।
2024 में पीएम मोदी ने एक अनोखा कदम उठाया था, जब वह रूस और यूक्रेन दोनों के दौरे पर गए। उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेन्स्की से मुलाकात की और शांति की वकालत की। इसके अलावा, अक्टूबर में वह कज़ान में ब्रिक्स समिट में भी शामिल हुए थे। पुतिन का यह दौरा न सिर्फ भारत-रूस संबंधों को नई ऊंचाई दे सकता है, बल्कि यूक्रेन संकट पर नई बातचीत का रास्ता भी खोल सकता है।
पहले भी आए थे पुतिन
पुतिन इससे पहले 6 दिसंबर 2021 को भारत आए थे। उस दौरान वह सिर्फ 4 घंटे रुके थे, लेकिन इस छोटी सी यात्रा में भारत और रूस के बीच 28 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे। इनमें सैन्य और तकनीकी सहयोग के अहम करार शामिल थे। इस बार भी दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में नए समझौतों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
ये भी देखे: पटना में ED की बड़ी कार्रवाई: चीफ इंजीनियर के घर से करोड़ों बरामद