पूरब और पश्चिम के अभिनेता मनोज कुमार का हुआ निधन

by TheUnmuteHindi
पूरब और पश्चिम के अभिनेता मनोज कुमार का हुआ निधन

मुंबई, 4 अप्रैल – उपकार, रोटी कपड़ा और मकान, क्रांति, पूरब और पश्चिम जैसी फिल्मों के लिए मशहूर दिग्गज एक्टर मनोज कुमार का शुक्रवार, 4 अप्रैल को निधन हो गया। बता दें कि मशहूर अभिनेता एवं फिल्म निर्माता मनोज कुमार का शुक्रवार तडक़े मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। मनोज कुमार के पारिवारिक मित्र एवं फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने बताया कि कुमार कुछ समय से बीमार थे और उम्र संबंधी समस्याओं के कारण तडक़े करीब साढ़े तीन बजे उनका निधन हो गया। दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित कुमार को शहीद, उपकार और पूरब और पश्चिम जैसी फिल्मों के लिए जनता का अपार स्नेह मिला।

आमिर खान और अक्षय कुमार ने मनोज कुमार को किया याद

आमिर खान ने भी मनोज कुमार को श्रद्धांजलि दी और कहा,’मनोज कुमार सिर्फ एक एक्टर या फिल्ममेकर ही नहीं थे, बल्कि वे एक संस्था थे। मैंने उनकी फिल्में देखकर बहुत कुछ सीखा है। उनकी फिल्में अक्सर महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर आधारित होती थीं, जो उन्हें आम आदमी के बहुत करीब ले जाती थीं। उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। वहीं दूसरी ओर अक्षय कुमार ने शोक जताते हुए लिखा, ‘मैं उनसे यह सीखते हुए बड़ा हुआ कि हमारे देश के लिए प्यार और गर्व जैसी कोई भावना नहीं है। और अगर हम एक्टर होकर इस भावना को दिखाने के लिए आगे नहीं आएंगे, तो कौन करेगा? इतने अच्छे इंसान और हमारी इंडस्ट्री की सबसे बड़ी संपत्ति में से एक। मनोज सर। ओम शांति।

You may also like