नवांशहर के पास पंजाबी सिंगर राणा सहोता पर जानलेवा हमला, हवाई फायरिंग कर फरार हुए बदमाश

by Manu
राणा सहोता

चंडीगढ़, 11 मार्च 2026: पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर पंजाबी सिंगर राणा सहोता पर नवांशहर के पास अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमले की कोशिश की। एक संदिग्ध काले रंग की कार ने सिंगर का लंबी दूरी तक पीछा किया और जबरन रोकने का प्रयास किया। राणा सहोता ने खतरा भांपते हुए गाड़ी नहीं रोकी तो बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। सिंगर बाल-बाल बच गए लेकिन घटना से वे गहरे सदमे में हैं।

राणा सहोता ने मीडिया से बातचीत में पूरी घटना बताई। उन्होंने कहा कि बुधवार को वे अपनी कार खुद चलाकर नवांशहर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक काले रंग की संदिग्ध कार ने उनका पीछा शुरू कर दिया। काफी दूरी तक पीछा करने के बाद हमलावरों ने अपनी कार को उनके बिल्कुल बराबर में लगा दिया।

सिंगर के मुताबिक कार में बैठे कुछ युवकों ने खिड़की से हाथ देकर गाड़ी रोकने का इशारा किया। राणा सहोता ने बताया कि उनकी नीयत भांपते ही वे समझ गए कि कुछ गलत होने वाला है। उन्होंने हिम्मत दिखाई और गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी।

जब हमलावरों ने देखा कि सिंगर गाड़ी रोकने के मूड में नहीं हैं तो उन्होंने अपनी कार से ही हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलने की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाश तेजी से कार भगाकर मौके से गायब हो गए।

ये भी देखे: पंजाबी सिंगर बी प्राक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिली धमकी, 10 करोड़ की फिरौती की मांग

You may also like