चंडीगढ़,25 जून 2025: पंजाब में मंत्रिमंडल का जल्द ही विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह ऐलान चंडीगढ़ में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करने के दौरान किया।
सीएम मान ने कहा की लुधियाना पश्चिम सीट से जीत हासिल करने वाले ‘आप’ नेता संजीव अरोड़ा को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। उपचुनाव के होने से पहले ही इसका वादा किया गया था और अब इस वादे को पूरा किया जाएगा। मुख़्यमंत्री भगवंत मान ने बताया की संजीव अरोड़ा को उद्योग विभाग सौंपा जा सकता है क्योंकि वह एक सफल उद्योगपति हैं।
चंडीगढ़ में ‘आप’ के लिए पार्टी कार्यालय की माँग
सीएम मान ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के दौरान आम आदमी पार्टी को चंडीगढ़ में पार्टी कार्यालय के लिए जगह देने की माँग की। उन्होंने कहा कि ‘आप’ एक राष्ट्रीय पार्टी है और बाकी राजनीतिक पार्टियों की तरह केंद्र शासित प्रदेश में अधिकृत कार्यालय के लिए सभी जरूरी शर्तें पूरी करती है। उन्होंने कहा की इसके बावजूद भी अब तक ‘आप’ को चंडीगढ़ में कोई दफ्तर नहीं दिया है। मान ने बताया कि इस बारे में राज्यपाल को औपचारिक पत्र सौंपा गया है, जिसमें पार्टी कार्यालय स्थापित करने के लिए जगह की माँग की गई है।
यह भी पढ़े: UP News: फतेहाबाद बनेगा सिंदूरपुरम! आगरा के इन जगहों के बदलेंगे नाम