नाभा, 25 जून 2025: नाभा कोतवाली पुलिस ने 24 जून को एक तेज कार्रवाई करते हुए नाभा बस स्टैंड के पास हुई लूट की घटना के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह घटना तब हुई जब पिंटू अपने परिवार के साथ प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से नाभा रेलवे स्टेशन पर उतरा और बस स्टैंड के पास पहुंचा। सात लुटेरों ने पिंटू से 10,000 रुपये नकद और उसका मोबाइल फोन लूट लिया, साथ ही उसे मारपीट कर घायल कर दिया।
पिंटू ने तुरंत इसकी शिकायत नाभा कोतवाली पुलिस को दी। नाभा कोतवाली के एसएचओ सरबजीत सिंह चीमा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लुटेरों ने प्रवासी मजदूर सुग्रीव सिंह के बेटे पिंटू से 10,000 रुपये और मोबाइल फोन छीना और फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित के खोए हुए मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर कुछ ही घंटों में सातों लुटेरों को धर दबोचा।
गिरफ्तार लुटेरों में से दो पर पहले से डकैती और NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। एसएचओ चीमा ने बताया कि ये लुटेरे नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए लूटपाट करते हैं। उनकी उम्र 20 से 24 वर्ष के बीच है। पुलिस अब इनका रिमांड लेगी और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जांच कर रही है ताकि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
ये भी देखे: DELHI NEWS: चांदनी चौक में दिनदहाड़े लूट से हड़कंप, व्यापारियों में चिंता