दीनानगर, 02 मार्च 2026: पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क और लालजीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को शहीद ASI गुरनाम सिंह के पैतृक गांव गदरियां (दीनानगर) पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष व बटाला विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी और डेरा बाबा नानक के विधायक गुरदीप सिंह रंधावा भी थे।
नेताओं ने शहीद के परिवार को ढांढस बंधाया और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार इस कठिन घड़ी में पूरी तरह परिवार के साथ खड़ी है।
मीडिया से बात करते हुए मंत्री कटारूचक्क ने कहा कि आधिया चौकी पर ड्यूटी के दौरान हमारे जांबाज सिपाही गुरनाम सिंह और अशोक कुमार की हत्या एक बुजदिलाना कृत्य है। उन्होंने कहा कि यह केवल पुलिस पर हमला नहीं है, बल्कि पंजाब की मिट्टी और यहां के लोगों के सुकून पर हमला है। शहीदों के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी।
मंत्री ने पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे दुश्मन देशों द्वारा फैलाए गए जाल और प्रलोभन में न फंसें। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है। यहां की एकता और भाईचारे को किसी भी कीमत पर टूटने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी जल्द ही शहीदों के परिवारों से मुलाकात करेंगे। सरकार गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर कायम है और पंजाब की अमन-शांति भंग करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
मंत्री लालजीत भुल्लर ने पंजाब पुलिस की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने केवल 24 घंटों के भीतर सभी दोषियों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जो भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करेगा या गैर-कानूनी गतिविधि में शामिल होगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखे: पंजाब की जनता 2027 में AAP को देगी 100 सीटों का तोहफा- भगवंत सिंह मान