पंजाब सरकार लोगों की भलाई और प्रगति के लिए वचनबद्ध : हरचंद सिंह बरसट
नगर निगम, नगर कौंसिल/नगर पंचायत चुनाव में आप के उम्मीदवार बड़ी जीत हासिल करेंगे
पटियाला : आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की ओर से नगर निगम, नगर कौंसिल, नगर पंचायत चुनाव में बड़ी जीत हासिल की जाएगी। क्योंकि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार हमेशा से ही लोगों की भलाई और प्रगति के लिए काम करती आई है और पंजाब के विकास को मुख्य रखते हुए ही कार्य किए जा रहे हैं। जिस वजह से लोग आम आदमी पार्टी की सरकार को बहुत पसंद कर रहे हैं । यह विचार आम आदमी पार्टी (आप), पंजाब के राज्य महासचिव और पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट की ओर से व्यक्त किये गये ।
स. बरसट ने कहा कि पंजाब के माननीय मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से राज्य के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं और शिक्षा प्रदान करने के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं। पंजाब में खेल सभ्याचार को विकसित करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और खेल मैदान बनाए जा रहे हैं। सरकार की नीतियों और हर वर्ग की भलाई हेतु लिए गए फैसलों से आम जनता खुश है ।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछली सरकारों की तरह लोगों से झूठे वादे न करते हुए लोगों के हित में कार्य करके अपने वादे पूरे किए हैं। सत्ता में आने के बाद आप सरकार ने पंजाब में बड़े स्तर पर विकास कार्य किए हैं, प्रशासनिक सुधारों से लेकर भ्रष्टाचार पर नकेल कसी है। पंजाब के लोगों को 600 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। बिना किसी रिश्वत या सिफारिश के करीब 50 हजार नौजवानों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। खेतों को नहरों का पानी देना, स्कूल ऑफ एमिनेंस, सड़क सुरक्षा फोर्स सहित पंजाब में नई इंडस्ट्री लगाने के लिए भी पंजाब सरकार द्वारा सार्थक कदम उठाए गए हैं। आप सरकार के कार्यों और नीतियों से प्रभावित होकर लोग आम आदमी पार्टी से जुड़कर पार्टी को और मजबूत बना रहे हैं। उन्होंने आप के वालंटियर्स से कहा कि पंजाब सरकार की नीतियों और कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि लोगों को इनका लाभ मिल सके।