चंडीगढ़, 09 मार्च 2026: पंजाब विधानसभा में बजट सत्र का तीसरा दिन चल रहा है। आज गवर्नर गुलाब चंद कटारिया के 6 मार्च के अभिभाषण पर बहस हो रही है। इस दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने आप सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने महिलाओं को 1000 रुपये मासिक देने की योजना पर सवाल उठाए।
बाजवा ने कहा कि अब चुनाव में सिर्फ एक साल बचा है। पहले स्पष्ट करें कि पिछले चार सालों में महिलाओं को 48 हजार रुपये मिलेंगे या फिर कुर्ता झाड़कर निकल लेंगे। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी बजट स्पीच में इस पर पूरी तरह साफ-साफ बता दें।
बाजवा ने मेडिकल कॉलेजों के वादे पर भी AAP को घेरा। उन्होंने कहा कि 2022-23 में आप सरकार ने 14 नए मेडिकल कॉलेज बनाने का दावा किया था। अब तक सिर्फ 5 के नाम सामने आए हैं। बाकी 9 का क्या हुआ इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। कम से कम उनके नाम तो बता दो।
उन्होंने बेअदबी के मामलों में बनाए गए सख्त कानून को लागू न करने पर भी सरकार से जवाब मांगा। बाजवा ने कहा कि कानून बना दिया लेकिन अमल नहीं हो रहा।
बहस के दौरान बाजवा बार-बार बोलते रहे कि अगर उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा तो वे बाहर चले जाएं क्या। इस पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तंज कसा कि पहले क्या आप हमसे पूछकर जाते थे। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री अमन अरोड़ा बोलने के लिए खड़े हुए तो कांग्रेस विधायकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।
कुछ देर बाद कांग्रेस के सभी विधायक सदन से वॉकआउट कर बाहर चले गए।
ये भी देखे: पंजाब विधानसभा में 2,60,437 करोड़ का बजट पेश, देखें पंजाब बजट 2026 के सभी बड़ी घोषणाएं