चंडीगढ़, 10 मार्च 2026: पंजाब विधानसभा में बजट सत्र का आज चौथा दिन है। मेडिकल कॉलेजों और महिलाओं से जुड़े विवादास्पद बयान पर कांग्रेस और आप के बीच हंगामा हुआ। सदन में तीखी बहस के बाद स्पीकर ने कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी।
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक तृप्त राजिंदर बाजवा ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों की स्थिति पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मैंने सरकारी मेडिकल कॉलेजों के बारे में पूछा लेकिन आप प्राइवेट कॉलेजों की बात कर रहे हैं। इस पर स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू ने जवाब दिया कि प्राइवेट कॉलेजों को भी हम सहायता देते हैं।
नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने तुरंत आपत्ति जताई और कहा कि मंत्री अपने बनाए मेडिकल कॉलेजों की बात करें। जब मंत्री अमन अरोड़ा जवाब देने के लिए खड़े हुए तो बाजवा ने विरोध किया कि इस सवाल का जवाब केवल स्वास्थ्य मंत्री ही दे सकते हैं। कोई दूसरा मंत्री या पार्टी का प्रधान नहीं। स्पीकर ने संविधान का प्रावधान पढ़कर सुनाया कि किसी भी मामले में सभी मंत्री जवाबदेह होते हैं। इस पर हंगामा बढ़ता गया।
इसके बाद वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा की सोशल मीडिया पोस्ट पर निशाना साधा। चीमा ने सदन में कहा कि पोस्ट में लिखा है कि 1000 रुपये के लिए गिद्दे डालने वाली सूरमे कहां से पैदा कर लेंगी। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस माफी मांगेगी। चीमा ने आगे कहा कि अगर हम औरतों और दलित महिलाओं का सम्मान करते हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि विरोधी सिल्वर स्पून से पैदा हुए तो उन्हें औरतों के अपमान का हक मिल जाता है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सुखपाल खैहरा की पोस्ट पर खेद जताया। आप विधायक इंद्रजीत कौर मान ने कहा कि इस पोस्ट पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बताएंगे कि गरीब कैसे सूरमा पैदा करेंगे। इस मामले को राज्य स्तर पर ले जाया जाएगा और कार्रवाई होगी।
हंगामा बढ़ने के बाद स्पीकर ने सदन को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया।
ये भी देखे: MLA कुलवंत सिंह ने विधानसभा में ग्रुप हाउसिंग साइट्स में कनवीनियंस शॉप्स की चार दीवारी का मुद्दा उठाया