चंडीगढ़, 11 मार्च 2026: पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन गैस सिलेंडरों की सप्लाई का मुद्दा गरमाया। स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारुचक ने सदन में कहा कि इजराइल और अमेरिका के बीच चल रही जंग का असर अब पंजाब में दिखने लगा है। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश किया जिस पर कल वोटिंग होगी।
मंत्री ने बताया कि गैस की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। घरेलू सिलेंडरों की उपलब्धता पर असर पड़ रहा है जबकि कमर्शियल गैस की सप्लाई में कटौती शुरू हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब में गेहूं का सीजन शुरू होने वाला है। इस दौरान खेती के लिए गैस की जरूरत बढ़ेगी जिससे संकट और गहरा सकता है। गोदामों में पहले से ही जगह कम है। आगे स्थिति और बिगड़ सकती है।
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर तुरंत ध्यान देना चाहिए। राज्य सरकार ने पहले ही केंद्र से बात की है लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठा। निंदा प्रस्ताव के जरिए केंद्र पर दबाव बनाया जाएगा।
इससे पहले प्रश्नकाल समाप्त होते ही कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के मुद्दे पर सदन में फिर हंगामा हो गया। AAP विधायकों ने “शेम-शेम” के नारे लगाए। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सदस्य आज सदन में मौजूद हैं। उन्होंने खैहरा के एक इंटरव्यू का जिक्र किया जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।
चीमा ने तीखे लहजे में कहा कि यह व्यक्ति हमारी माताओं-बहनों की कोख तक जाने की बात करता है। कल किसी लग्जरी गाड़ी में बैठा होगा क्योंकि ये लोग चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। बंदा बनकर एक मिनट सुन लो। इस पर कांग्रेस और AAP विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
ये भी देखे: पंजाब विधानसभा बजट सत्र: गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने गिनाईं AAP सरकार की उपलब्धियां, सदन 8 मार्च तक स्थगित