पंजाब-चंडीगढ़ में मार्च में जनवरी जैसी सर्दी, तापमान सामान्य से 6-7 डिग्री नीचे, ऑरेंज अलर्ट जारी

by Manu
पंजाब चंडीगढ़ मौसम

चंडीगढ़, 20 मार्च 2026: पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और हिमाचल-जम्मू के पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है। लोगों को दोबारा गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अब तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने आज 20 मार्च के लिए पूरे क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने और ओले गिरने की संभावना है।

सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान पठानकोट में 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि चंडीगढ़ में यह 20.8 डिग्री रहा। चंडीगढ़ में करीब दो साल बाद मार्च महीने में इतनी ठंड देखने को मिली है। तापमान सामान्य से लगभग 7 डिग्री नीचे चला गया है। लुधियाना में भी मार्च में ठंड ने 50 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार 1976 में 20.7 डिग्री के बाद 19 मार्च को पहली बार तापमान 20.4 डिग्री तक गिरा।

अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, मलेरकोटला, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर) रूपनगर, मोहाली, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, मोगा, बरनाला और बठिंडा में तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना है।

पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

ये भी देखे: पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम बदलेगा, कल से 4 दिन गरज-चमक के साथ बारिश, यलो अलर्ट जारी

You may also like