लुधियाना, 10 मार्च 2026: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की 10वीं कक्षा की परीक्षाओं में सराभा नगर के सरकारी हाई स्कूल में धांधली का मामला सामने आया है। एक छात्रा ने खुद की जगह अपनी सहेली को परीक्षा देने भेज दिया। सुपरिटेंडेंट की सतर्कता से यह फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। अब दोनों छात्राओं के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया है।
9 मार्च को 10वीं कक्षा का पेपर चल रहा था। परीक्षा केंद्र के सुपरिटेंडेंट भूपिंदर पाल सिंह और उनकी टीम लगातार कक्षाओं में औचक निरीक्षण कर रही थी। जब टीम एक छात्रा की डेस्क पर पहुंची तो वहां बैठी लड़की अचानक घबरा गई। सुपरिटेंडेंट ने रोल नंबर स्लिप उठाई तो उस पर लगी फोटो और परीक्षा दे रही लड़की का चेहरा बिल्कुल अलग था।
गहन जांच के बाद पता चला कि असली छात्रा ने अपनी सहेली को अपनी जगह बैठाकर पेपर दे दिया था। सुपरिटेंडेंट ने तुरंत नकल और फर्जीवाड़े का केस तैयार किया। पहले मामला विभागीय स्तर पर रहा लेकिन जैसे ही शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को जानकारी मिली उन्होंने पुलिस कार्रवाई के निर्देश दिए।
देर शाम थाना नंबर 5 की पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने दोनों छात्राओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) 468 (जालसाजी) और 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी देखे: PSEB ने 10वीं-12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा का रिजल्ट जारी किया, यहां पर तुरंत चेक करें