प्रधानमंत्री मोदी ने पंबन समुद्री पुल का किया उद्घाटन

by TheUnmuteHindi
प्रधानमंत्री मोदी ने पंबन समुद्री पुल का किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 7 अप्रैल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को यहां कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन और उनके राज्य से मिलने वाली सुशासन की प्रेरणा राष्ट्र निर्माण का बड़ा आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रामेश्वरम द्वीप और भूमि क्षेत्र के बीच रेल संपर्क की सुविधा प्रदान करने वाले पंबन समुद्री पुल का उद्घाटन किया, जो देश का पहला ‘वर्टिकल लिफ्ट सी-ब्रिज’ है। उन्होंने रामेश्वरम-तांबरम (चेन्नई) ट्रेन सेवा और एक तटरक्षक पोत को भी हरी झंडी दिखाई, जो पुल के नीचे से गुजरा। प्रधानमंत्री ने रामेश्वरम में 8300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न रेल और सडक़ परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन और उनके राज्य से मिलने वाली सुशासन की प्रेरणा राष्ट्र निर्माण का बड़ा आधार है।

मत्स्य उद्योग से जुड़ा समाज बहुत मेहनती : मोदी

इससे पहले प्रधानमंत्री ने यहां रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का हमारा मत्स्य उद्योग से जुड़ा समाज बहुत मेहनती है। मोदी ने कहा कि मत्स्य उद्योग से जुड़ी अवसंरचना को मजबूत करने के लिए राज्य को जो भी मदद चाहिए, वो केंद्र सरकार दे रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले पांच साल में, ‘पीएम मत्स्य संपदा योजना’ के तहत भी, तमिलनाडु को करोड़ों रुपए मिले हैं। उन्होंने कहा, सरकार की कोशिश यही है कि मछुआरों को ज्यादा सुविधाएं मिलें, चाहे सीवीड पार्क हो या फिर फिशिंग हार्बर और लेंडिंग सेंटर हों, केंद्र सरकार यहां सैकड़ों करोड़ रुपए का निवेश कर रही है।

You may also like