नई दिल्ली, 7 अप्रैल : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुर्तगाल और स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर हैं। वो पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन पहुंच गईं हैं। जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुर्तगाल और स्लोवाकिया की चार दिवसीय राजकीय यात्रा के पहले चरण के लिए रविवार को लिस्बन पहुंचीं। करीब तीन दशकों में भारत के राष्ट्रपति की दोनों देशों की यह पहली यात्रा है। पुर्तगाल में भारत के राजदूत पुनीत रॉय कुंडल और भारत में पुर्तगाल के राजदूत जोआओ रिबेरो डी अल्मेडिया ने फिगो मादुरो के सैन्य हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत किया। उनकी यात्रा ऐसे महत्वपूर्ण वैश्विक आर्थिक बदलाव के समय में हो रही है जब अमेरिका द्वारा लगाए गए शुल्कों ने अंतर्राष्ट्रीय कारोबार को नया आकार दिया है और भारत के यूरोप के साथ संबंध बढ़ रहे हैं।
लिस्बन में राष्ट्रपति का हुआ स्वागत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लिस्बन पहुंची तो एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। पुर्तगाल के वरिष्ठ अधिकारी और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधि राष्ट्रपति के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद थे। पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के निमंत्रण पर राष्ट्रपति पुर्तगाल की राजकीय यात्रा पर हैं।