जैसलमेर, 27 फरवरी 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को जैसलमेर एयरफोर्स स्टेशन से स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर (LCH) प्रचंड में उड़ान भरी। वे इस हेलिकॉप्टर में को-पायलट के रूप में उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बनीं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने उड़ान के दौरान कॉकपिट से सैल्यूट किया। इससे पहले वे लड़ाकू विमान सुखोई और राफेल में उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बन चुकी हैं।
सुबह करीब 9:15 बजे राष्ट्रपति जैसलमेर वायुसेना स्टेशन पहुंचीं। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें LCH प्रचंड की तकनीकी विशेषताओं और क्षमताओं के बारे में विस्तृत ब्रीफिंग दी। इसके बाद राष्ट्रपति हेलिकॉप्टर के कॉकपिट में बैठीं।
सुबह करीब 10:15 बजे ग्रुप कैप्टन एन.एस. बहुआ के साथ राष्ट्रपति ने हेलिकॉप्टर में उड़ान भरी। 25 मिनट की इस उड़ान में उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों और पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज का हवाई जायजा लिया।