गाजीपुर, 21 जून 2025: यूपी के वाराणसी से बलिया जाने वाली सड़क पर लगने वाले जाम से छुटकारा दिलाने की योजना बन रही है। महराजगंज बाजार से होते हुए लंका, विशेश्वरगंज, रौजा और जंगीपुर तक की सड़क को फोरलेन किया जाएगा, जो 17 मीटर चौड़ी होगी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पीडब्ल्यूडी सड़क के दोनों ओर की सरकारी जमीन को खाली कराएगा और 30 जून तक इसकी कार्ययोजना सरकार को भेजी जाएगी।
फिलहाल, वाराणसी-बलिया के लिए कोई बाईपास नहीं है। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन से महाराजगंज बाजार होते हुए यह सड़क शहर के बीच से बलिया और बिहार तक जाती है। महराजगंज, लंका, विशेश्वरगंज, रौजा, जमानियां मोड़ और जंगीपुर में अक्सर जाम लगता रहता है। पहले यह सड़क एनएचएआई के पास थी, लेकिन अब इसे पीडब्ल्यूडी को सौंप दिया गया है। यूपी में यहा हाईवे होने के बावजूद सड़क की चौड़ाई कम है, जिससे भारी और लंबे वाहनों के चलते जाम की समस्या बनी रहती है।
पीडब्ल्यूडी ने सड़क को चौड़ा करने की योजना तैयार की है। इसके लिए सड़क किनारे की सरकारी जमीन की नाप-जोख की गई है। योजना है कि सड़क को 17 मीटर चौड़ा किया जाए। इसके लिए सरकारी जमीन पर हुए स्थायी अतिक्रमण हटाए जाएंगे। सड़क के बीच से दोनों तरफ 110-110 फीट सरकारी जमीन उपलब्ध है, जिसे खाली कराकर सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इससे मुआवजे की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। साथ ही, सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों को हटाया जाएगा और केबल को भूमिगत किया जाएगा।
ये भी देखे: Bihar Four Lane: 1006 करोड़ रुपये की लागत से बिहार-झारखंड के बीच बनेगी नई फोरलेन