पश्चिम चंपारण के राम नगर में 13 अप्रैल को POPSK का होगा उद्घाटन

by Manu
POPSK

पटना, 09 अप्रैल 2026: भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को और अधिक सुलभ बनाने के निरंतर प्रयासों के तहत, पश्चिम चंपारण जिला, वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र के राम नगर में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) का उद्घाटन किया जाएगा।

यह केंद्र क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पटना के अंतर्गत कार्य करेगा और इसका उद्घाटन वाल्मीकि नगर के माननीय सांसद द्वारा, संबंधित क्षेत्रों के माननीय विधायकों, विदेश मंत्रालय, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पटना और भारतीय डाक विभाग के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में, 13 अप्रैल 2026 को सुबह 11:30 बजे प्रे्म जननी संस्कृत उच्च विद्यालय, राम नगर में किया जाएगा।

राम नगर में प्रस्तावित POPSK का उद्देश्य वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों, विशेषकर दूरदराज और सेवा-वंचित क्षेत्रों में रहने वालों के लिए पासपोर्ट से संबंधित सेवाओं की पहुँच और सुलभता बढ़ाना है। इस पहल से लंबी दूरी की यात्रा की आवश्यकता कम होगी, जिससे आवेदकों का समय और खर्च बचेंगे और नागरिकों को पासपोर्ट जैसी आवश्यक सेवाओं तक सरल, तेज़ और सुविधाजनक पहुँच सुनिश्चित होगी।

रामनगर का POPSK भारत में 454वां और बिहार में 38वां केंद्र होगा। यह केंद्र सब पोस्ट ऑफिस के परिसर में स्थित होगा और नागरिकों को पासपोर्ट से संबंधित सेवाएं प्रदान करेगा। यहाँ नए पासपोर्ट आवेदन, नवीनीकरण और पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) जारी करने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कुल 45 पासपोर्ट और 5 PCC अपॉइंटमेंट स्लॉट प्रदान किए जाएंगे।

आवेदकों को केवल एक बार अपने मूल दस्तावेज़ों के साथ POPSK आना होगा, जहाँ उनका सत्यापन और बायोमेट्रिक कैप्चर किया जाएगा। इसके बाद, स्पष्ट पुलिस रिपोर्ट प्राप्त होने और आवेदन में कोई अन्य त्रुटि न होने की स्थिति में, पासपोर्ट लगभग 5 दिनों में स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदक के पास पहुँच जाएगा।

ये भी देखे: मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 40वीं राज्य स्तरीय समन्वय समिति (SLCC) की हुई बैठक

You may also like