चंडीगढ़, 16 अगस्त 2025: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के दिन एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के तीन युवकों को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई चिट्टा (हेरोइन) तस्करी की सूचना के आधार पर की गई थी, लेकिन छापेमारी के दौरान नशे की जगह एक पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में बालूगंज थाना क्षेत्र के तहत टुटू में कार्रवाई की और तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) के तहत मामला दर्ज किया।
मामला टुटू के बाबू राम भवन का है, जहां 15 अगस्त को पुलिस की विशेष जांच इकाई (SIU) को गुप्त सूचना मिली कि वहां तीन युवक ठहरे हैं और नशे का कारोबार चला रहे हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में भवन की पहली मंजिल पर छापा मारा। वहां मौजूद तीन युवकों ने अपनी पहचान गुरजीत सिंह (27, मुक्तसर), प्रदीप कुमार उर्फ सुखा (24, अबोहर, फाजिल्का), और जगपाल सिंह (27, अबोहर, फाजिल्का) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए, हालांकि चिट्टा नहीं मिला।
एसएसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये युवक पंजाब के किसी बड़े गैंग से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से लाए गए और इनका मकसद क्या था।
ये भी देखे: शिमला के बिशप कॉटन स्कूल के लापता तीन छात्र कोटखाई से बरामद, ड्राइवर गिरफ्तार