पुलिस अधिकारी ने महाकुंभ में लगाए लंगर में डाली राख
वीडियो वायरल होने पर किया सस्पेंड
प्रयागराज, 31 जनवरी : प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में आज उस समय भारी हंगामा हो गया, जब एक पुलिस अधिकारी के द्वारा भंडारे में विघ्न डालते हुए उसमें राख मिलाई गई, जिसका वीडियो वायरल होने पर लोगोंमें काफी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार इस वीडियो के वायरल होने के बाद एक पुलिस अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। वायरल वीडियो में सोरांव थाने के एसएचओ बृजेश कुमार तिवारी को भंडारे के खाने में राख मिलाते हुए देखा गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद डीसीपी (गंगानगर) कुलदीप सिंह गुनावत ने सोरांव एसएचओ को निलंबित कर दिया।
घटनाक्रम के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, मौनी अमावस्या पर सोरांव के भावापुर टोल प्लाजा के पास दूसरे प्रदेश के वाहनों को रोक दिया गया था। इन श्रद्धालुओं के लिए स्थानीय लोग सडक़ किनारे पूड़ी-सब्जी आदि प्रसाद बनाने लगे। इंस्पेक्टर ने उन्हें वहां से हटने को कहा। लोगों ने भंडारा की बात कहकर हटने से मना किया तो तैश में आकर इंस्पेक्टर ने पूड़ी तलने वाले छन्ने से उठाकर राख भगोने में डाल दी जिसमें प्रसाद बन रहा था।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने की आलोचना
दोपहर बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर इस वीडियो को पोस्ट कर पुलिस के व्यवहार की आलोचना की। लोग इस वीडियो पर गुस्सा जताते हुए टिप्पणी करने लगे। इसकी जानकारी प्रयागराज के पुलिस अधिकारियों को हुई तो प्रारंभिक जांच कराकर डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने महाकुंभ में लगाए लंगर में डाली राख
वीडियो वायरल होने पर किया सस्पेंड
45