अमृतसर, 23 फरवरी 2026: पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अमृतसर में हुई इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 6 किलो हेरोइन और 6 किलो क्रिस्टल मेथामफेटामाइन (आईसीई) बरामद हुई है। पुलिस ने नशा तस्करी में इस्तेमाल दो वाहनों को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के शुरुआती जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पाकिस्तान स्थित हैंडलर से सीधा संपर्क था। आरोपियों का काम सीमा क्षेत्र में ड्रोन के जरिए गिराई गई नशीले पदार्थों की खेप को उठाना और फिर उसे पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करना था।
यह कार्रवाई सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हो रही नशा तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अमृतसर के एसएसओसी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पंजाब पुलिस ने कहा कि जांच अभी जारी है। पूरा नेटवर्क उजागर करने और इससे जुड़े सभी तत्वों को पकड़ने के लिए छापेमारी और पूछताछ तेज कर दी गई है।
ये भी देखे: अमृतसर में पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता, सीमा पार हथियार-नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार