गढ़चिरौली में पुलिस और CRPF ने 4 नक्सलियों को किया ढेर, हथियार जब्त

by Manu
गढ़चिरौली

गढ़चिरौली, 23 मई 2025: नक्सलियों के खात्मे के लिए पुलिस और सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे है। महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित गढ़चिरौली में पुलिस जवानों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ के बाद चार नक्सलियों के मारे जाने की खबर आ रही है। नक्सलियों ने CRPF कमांडो पर फायरिंग की जिसके बाद उनको मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल से वॉकी-टॉकी समेत भारी मात्रा में हथियार जब्त किए हैं।

गढ़चिरौली पुलिस ने बताया, ”सुबह नक्सलियों ने कमांडो पर अंधाधुंध गोलीबारी की और कमांडो ने जवाबी कार्रवाई करते हुए प्रभावी कार्रवाई की।” आमने-सामने की मुठभेड़ करीब दो घंटे तक चली, जिसमें चार नक्सली मारे गए। फिलहाल पूरे इलाके में जांच अभियान चल रहा है। घटनास्थल से चारों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। घटनास्थल से एक स्वचालित सेल्फ-लोडिंग राइफल, दो 303 राइफल, एक भारी मशीन गन, एक वॉकी-टॉकी, शिविर सामग्री और नक्सली साहित्य जब्त किया गया।

आपको बता दे कि, इससे पहले छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए नक्सलियों के नेता बसवराजू समेत 27 नक्सलियों को मार गिराया। सभी नक्सलियों के शव हेलीकॉप्टर से लाए गए हैं। छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के खात्मे के लिए सुरक्षा बल विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान और अन्य अभियान चला रहे हैं।

यह भी पढ़ें: थाना सिटी राजपुरा ने किया एक व्यक्ति के विरुद्ध एन. डी. पी. एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज

You may also like