जुलाना, 20 फरवरी 2026: हरियाणा के जींद जिले के जुलाना क्षेत्र में पुलिस को नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। कल शाम गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने करसोला गांव के प्रदीप को सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी से 128.912 किलोग्राम गांजा बरामद कर गिरफ्तार किया है। गांजे की अनुमानित मार्केट वैल्यू करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
जुलाना थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि कल शाम गस्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि करसोला गांव का प्रदीप एक स्कॉर्पियो गाड़ी में भारी मात्रा में गांजा लेकर जींद की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने तुरंत करसोला माइनर पर नाकाबंदी कर ली।
कुछ ही देर बाद जुलाना की तरफ से सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी आई। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी मोड़ने की कोशिश की लेकिन पुलिस की तत्परता से चालक प्रदीप को काबू कर लिया गया। गाड़ी की तलाशी में 128.912 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी प्रदीप (वासी करसोला) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
ये भी देखे: जुलाना में नशा तस्कर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार