PM Modi Take Emergency Meeting at Airport: पहलगाम में हुए भयावह आतंकवादी हमले, जिसमें 26 लोगों की जान गई, के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सऊदी अरब यात्रा बीच में छोड़कर भारत लौट आए। दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने पालम हवाई अड्डे पर एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिस्री शामिल हुए।
इस उच्च स्तरीय बैठक में हमले की गंभीरता, अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाओं और आगे की सुरक्षा रणनीतियों पर गहन चर्चा हुई। हमले की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री मोदी ने सऊदी अरब में अपने शेष कार्यक्रम रद्द किए, जिसमें क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान द्वारा आयोजित शाही भोज भी शामिल था। उन्होंने क्राउन प्रिंस के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद तुरंत भारत लौटने का फैसला किया और मंगलवार देर रात जेद्दा से उड़ान भरकर बुधवार सुबह 6:45 बजे नई दिल्ली पहुंचे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है, और इसे हाल के वर्षों में नागरिकों पर सबसे बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है। प्रधानमंत्री ने हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सऊदी अरब में क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भी हमले की निंदा की और पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस बीच, गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर में स्थिति का जायजा ले रहे हैं और पीड़ितों के परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं।
ये भी देखे: Pahalgam Terrorist Photo: पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकी की पहली तस्वीर आई सामने