सीवान, 20 जून 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, शुक्रवार को एक बार फिर बिहार के दौरे पर हैं। इस साल उनका यह चौथा बिहार दौरा है। इससे पहले वे भागलपुर (24 फरवरी 2025), मधुबनी (24 अप्रैल 2025) और 29 मई को दो दिन के लिए बिहार आए थे। आज वे सीवान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरे का चुनावी महत्व भी है, क्योंकि बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
विपक्ष के इलाके में सेंध लगाने की तैयारी
पीएम मोदी के इस दौरे के जरिए एनडीए सारण प्रमंडल की 24 विधानसभा सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगा। अभी इनमें से 14 सीटों पर महागठबंधन का कब्जा है। खासकर सीवान में, जहां पीएम की रैली होनी है, वहां की आठ विधानसभा सीटों में से छह पर महागठबंधन का दबदबा है।
2020 विधानसभा चुनाव में सीवान में रहा महागठबंधन का रहा था दबदबा
2020 के विधानसभा चुनाव में सीवान की छह सीटों पर महागठबंधन ने जीत हासिल की थी। आरजेडी को तीन, सीपीआईएमएल को दो और कांग्रेस को एक सीट मिली थी। वहीं, बीजेपी सिर्फ दो सीटें जीत पाई थी, और जेडीयू का खाता भी नहीं खुला था।
इसी तरह, सारण (छपरा) जिले की 10 विधानसभा सीटों में से 2020 में महागठबंधन ने सात सीटें जीती थीं। इसमें आरजेडी ने छह और सीपीएम ने एक सीट पर कब्जा किया था। बीजेपी को तीन सीटें मिली थीं, जबकि जेडीयू खाली हाथ रही थी। पीएम मोदी के लगातार दौरों से एनडीए को कितना फायदा होगा, यह तो आने वाला समय बताएगा।
पीएम के साथ आज मौजूद होंगे कई बड़े नेता
सीवान के इस कार्यक्रम में मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा जैसे बड़े नेता मौजूद रहेंगे। आयोजकों का दावा है कि रैली में लाखों लोग जुटेंगे।
ये भी देखे: बिहार दौरे पर पीएम मोदी ने मखाना को सुपरफूड बताते हुए कहा, मैं इसे लगभग हर दिन खाता हूं