गांधीनगर, 31 मार्च 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात दौरे पर हैं। उन्होंने सोमवार को गांधीनगर में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन किया।
इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। महावीर जयंती के पावन अवसर पर पीएम मोदी ने कहा,“आज भगवान महावीर जयंती के पावन पर्व पर मुझे इस पवित्र जैन तीर्थ आने का सौभाग्य मिला है। सर्वप्रथम मैं भगवान महावीर के चरणों में प्रणाम करता हूं। मैं कोबा तीर्थ से सभी देशवासियों को भगवान महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “मुझे खुशी है कि हजारों वर्ष की भारतीय विरासत, जैन धर्म का समयातीत ज्ञान, हमारी धरोहरें और उनसे मिलने वाली प्रेरणाओं को आने वाली सदियों तक अमर बनाने के लिए, नए और आधुनिक रूप में अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हमारे संतों ने इस जैन हेरिटेज म्यूजियम की संकल्पना की। आज यह संकल्पना एक भव्य रूप में साकार हो रही है।”
पीएम मोदी ने कहा कि सम्राट संप्रति संग्रहालय अब जैन दर्शन, भारतीय संस्कृति और हमारी प्राचीन धरोहर का एक पवित्र केंद्र बन गया है। उन्होंने सभी जैन संतों के इस अद्वितीय प्रयास की सराहना की।
उन्होंने जोर देकर कहा, “सम्राट संप्रति संग्रहालय भारत के कोटि-कोटि लोगों की धरोहर है। यह भारत के गौरवशाली अतीत की धरोहर है।”
ये भी देखे: पीएम मोदी का कोकराझार दौरा रद्द, गुवाहाटी से 4,570 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास