चंडीगढ़, 02 मार्च 2026: पश्चिम एशिया में ईरान और इज़राइल के बीच जंग और बढ़ते सैन्य तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की है। पीएम मोदी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी।
प्रधानमंत्री ने पोस्ट में लिखा कि दोनों नेताओं से बातचीत में उन्होंने क्षेत्रीय हालात पर विस्तार से चर्चा की और भारत की चिंताओं को साझा किया। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया और सभी पक्षों से संघर्ष को जल्द रोकने की अपील की।
यूएई के राष्ट्रपति से बातचीत में पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा दुख जताया और कहा कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है। प्रधानमंत्री ने यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा और देखभाल के लिए राष्ट्रपति का धन्यवाद भी किया।
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत में भी पीएम मोदी ने हालात पर चिंता जताई और दोनों देशों के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा शांति और स्थिरता की पक्षधर रहा है।
ये भी देखे: अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर किया हमला, तेहरान में कई धमाके, खामेनेई सुरक्षित जगह भेजे गए