पीयूष गोयल ने रूस से तेल खरीद पर दिया साफ संदेश, विदेश मंत्रालय करेगा फैसला

by Manu
पीयूष गोयल

नई दिल्ली, 07 फ़रवरी 2026: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रूस से तेल खरीद जारी रखने या बंद करने के सवाल पर सीधा जवाब देने से परहेज किया। शनिवार को उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर विदेश मंत्रालय ही अंतिम फैसला लेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ट्रुथ सोशल पर दावा किया था कि अमेरिका से व्यापार समझौते के बाद भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। इस दावे पर भारत की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अपने फैसले देश की जरूरतों बाजार की कीमतों और उपलब्ध सर्वोत्तम सौदों को ध्यान में रखकर लेगा। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार भारत उन गैर-प्रतिबंधित संस्थाओं से तेल खरीदना जारी रखेगा जो सबसे अच्छा सौदा दे रही हैं। तेल की खरीद बाजार मूल्यों के आधार पर तय होगी।

मंत्री ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि भारत को अमेरिकी अर्थव्यवस्था से अन्य देशों की तुलना में काफी कम टैरिफ का सामना करना पड़ता है। अमेरिका वियतनाम और बांग्लादेश पर 20 प्रतिशत इंडोनेशिया पर 19 प्रतिशत और चीन पर 35 प्रतिशत तक टैरिफ लगाता है जबकि भारत के साथ यह दरें बहुत कम हैं। गोयल ने कहा कि समझौता भारतीय किसानों को नुकसान नहीं पहुंचाएगा।

उन्होंने स्मार्टफोन का उदाहरण देते हुए कहा कि कई ऐसी चीजें हैं जो भारतीय निर्यातक बिना किसी टैरिफ के अमेरिका भेज सकते हैं। गोयल ने जोर दिया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता दोनों देशों के हित में होगा और यह किसानों या उद्योगों को नुकसान नहीं पहुंचाएगा।

ये भी देखे: पीएम मोदी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पहली बार दिया मीडिया को जवाब, मुस्कुराते हुए कहा ‘धन्यवाद’

You may also like