चंडीगढ़, 07 नवंबर 2025: एयर इंडिया के मृतक पायलट सुमित सबरवाल के पिता पुष्कर राज सबरवाल ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। कोर्ट ने याचिका पर नोटिस जारी कर केंद्र सरकार और डीजीसीए से जवाब मांगा है।
याचिका में कहा गया है कि हादसे की जांच अब तक ईमानदार नहीं रही है। तकनीकी गड़बड़ियों को नजरअंदाज कर सारा ठीकरा पायलटों पर फोड़ा जा रहा है। सुनवाई में कोर्ट ने 91 साल के पिता से बात की और कहा कि उन्हें मन में यह बोझ न रखें।
कोर्ट ने फैसले में कहा है कि यह याचिका पहले से लंबित दूसरी याचिका के साथ सुनी जाएगी। अगली सुनवाई 10 नवंबर को होगी।
यह हादसा 12 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट से हुआ था। लंदन जाने वाला बोइंग 787 ड्रीमलाइनर उड़ान भरते ही क्रैश हो गया। विमान मेघाणी नगर के मेडिकल कॉलेज की मैस पर गिरा। वहां स्टूडेंट्स लंच कर रहे थे।
हादसे में प्लेन पर सवार पायलट, क्रू और यात्रियों समेत 241 लोग मारे गए। सिर्फ एक यात्री जिंदा बचा। मेडिकल कॉलेज पर गिरे जहाज से 19 और लोग मारे गए।
ये भी देखे: पीएम मोदी ने अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मारे गए पूर्व सीएम विजय रूपाणी के परिवार से मिले