नई दिल्ली, 08 अगस्त 2025: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन में चल रहे संघर्ष और भारत-रूस के बीच द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति पर चर्चा की।
प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) के बयान के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को यूक्रेन से जुड़े ताजा घटनाक्रमों की जानकारी दी। पीएम मोदी ने पुतिन के विस्तृत आकलन के लिए उनका आभार जताया और रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के दृढ़ रुख को दोहराया।
बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत-रूस के विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही, उन्होंने द्विपक्षीय एजेंडे में हुई प्रगति की समीक्षा की।
इसके अलावा, पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को इस साल के अंत में होने वाले भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का निमंत्रण दिया।
ये भी देखे: अमेरिका के 50% टैरिफ पर भारत का जवाब, पीएम मोदी की अगुवाई में आज होगी अहम कैबिनेट बैठक