पटना, 29 अगस्त 2025: पटना सिविल कोर्ट में शुक्रवार को एक धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल में दावा किया गया था कि कोर्ट परिसर और जज के कक्ष में चार आरडीएक्स आईईडी बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 2 बजे फटेंगे। इस धमकी के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया, सभी सुनवाईयां स्थगित कर दी गईं, और जजों, वकीलों व कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पटना पुलिस, बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने कोर्ट परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया। पटना सेंट्रल एसपी दीक्षा ने बताया कि तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है, और प्रथम दृष्टया यह धमकी फर्जी प्रतीत हो रही है।
ईमेल में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की संलिप्तता का दावा किया गया था, जिसके बाद साइबर क्राइम यूनिट को ईमेल के स्रोत का पता लगाने का जिम्मा सौंपा गया है। पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने धमकी की पुष्टि करते हुए कहा कि साइबर सेल और अन्य जांच एजेंसियां इसकी तह तक जा रही हैं।
ये भी देखे: मोतिहारी पुलिस ने तीन पाकिस्तानी नागरिकों के जारी किए पोस्टर, 50,000 रुपये का इनाम