कानपुर, 20 मार्च: उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी को गोपनीय जानकारी साझा करने के आरोप में कानपुर स्थित आर्डिनेंस फैक्टरी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।
लूडो ऐप के जरिए करता था संपर्क
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय हुई जब 13 मार्च को फिरोजाबाद में आर्डिनेंस फैक्टरी के कर्मचारी रविंद्र कुमार को पाकिस्तानी एजेंट नेहा शर्मा को खुफिया जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान एटीएस को जानकारी मिली कि कानपुर स्थित आर्डिनेंस फैक्टरी में जूनियर वर्क्स मैनेजर के पद पर कार्यरत कुमार विकास भी इसी नेटवर्क का हिस्सा है और सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए नेहा शर्मा के संपर्क में था।
जांच में यह भी पता चला कि कुमार विकास लूडो ऐप के माध्यम से पाकिस्तानी एजेंट से बातचीत करता था। पैसों के लालच में उसने फैक्टरी के गोपनीय दस्तावेज, उपकरणों, गोला-बारूद के निर्माण से जुड़ी जानकारियां, कर्मचारियों की अटेंडेंस शीट और फैक्टरी में लगी मशीनों की तस्वीरें पाकिस्तान भेजी थीं।
गिरफ्तार आरोपी कुमार विकास कानपुर देहात के शट्टी क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव का रहने वाला है। फिलहाल एटीएस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस नेटवर्क में और लोग तो शामिल नहीं हैं।
ये भी देखे: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 22 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद