अमृतसर, 06 मार्च 2026: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान सीमा पार से संचालित एक बड़े अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि इस ऑपरेशन में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। इनमें ग्लॉक 9mm PX5 30 बोर टॉरस 9mm ग्रेटा 9mm (पाकिस्तान निर्मित) और एक 30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा 34 जिंदा कारतूस और एक धारदार हथियार भी जब्त किया गया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हथियार तस्करों के संपर्क में थे। आरोपियों ने हथियारों की आपूर्ति और विभिन्न क्षेत्रों में उनके वितरण को समन्वित किया था। नेटवर्क में पाकिस्तान से भारत में हथियार पहुंचाने की पूरी व्यवस्था थी जिसे अब पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है।
पुलिस अब नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों की गहन जांच कर रही है।
ये भी देखे: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़, हेरोइन और हथियार जब्त