जम्मू-कश्मीर, 29 अप्रैल 2025: पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध और तनावपूर्ण हो गए हैं। इसके अलावा, स्थिति अभी भी सामान्य नहीं हुई है। पाकिस्तान ने सोमवार और मंगलवार की रात पांचवीं बार सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला और अखनूर सेक्टरों में सीजफायर का उल्लंघन कर गोलीबारी की गई। जवाब में भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाए गए हैं और स्थानीय आतंकवादियों के घरों को भी ध्वस्त कर दिया गया है।
बैसरन घाटी से सटे कोकरनाग के जंगलों को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है, जहां आतंकवादी गतिविधियों के संकेत हैं। ऐसी खबरें हैं कि हमले में शामिल आतंकवादी इसी इलाके में छिपे हो सकते हैं। सेना हर दिशा में जांच कर रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान ने चीन, तुर्की और ब्रिटेन समेत कई देशों से मदद मांगी है। खबरों के अनुसार, तुर्की से एक गुप्त विमान पाकिस्तान पहुंचा है। पाकिस्तान ने इसके जरिए गोला-बारूद का ऑर्डर दिया है।
ये भी देखे: Pahalgam: भारतीय सेना ने अनंतनाग से 175 संदिग्धों को हिरासत में लिया