लखनऊ, 13 दिसंबर 2025: उत्तर प्रदेश में धान और श्रीअन्न की खरीद तेजी से चल रही है। 13 दिसंबर तक 3.15 लाख से ज्यादा किसानों से 19.14 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। किसानों के खाते में 4541.94 करोड़ रुपये ट्रांसफर हो चुके हैं। बाजरा बेचने वाले 35 हजार से अधिक किसानों को 421.39 करोड़ रुपये मिले हैं।
खाद्य एवं रसद विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने समय से भुगतान के सख्त निर्देश दिए हैं। पश्चिम यूपी में 1 अक्टूबर से और पूर्वी यूपी में 1 नवंबर से धान खरीद शुरू हुई। अब तक 4645 क्रय केंद्र स्थापित हो चुके हैं।
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में 13 दिसंबर तक 6.70 लाख किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराया था। इस बार 2025-26 में यह संख्या 7.83 लाख पार कर गई। श्रीअन्न में भी रुझान बढ़ा है। बाजरा के लिए पिछले साल 21,630 किसानों ने पंजीकरण किया था। इस साल 80 हजार से ज्यादा हो गए। ज्वार के लिए पिछले साल 12 हजार थे जो अब 16 हजार से अधिक हैं। मक्का में भी पंजीकरण बढ़ा है।
बाजरा खरीद 33 जिलों में हो रही है। ज्वार की खरीद 11 जिलों में चल रही है। पिछले साल इसी अवधि में बाजरा किसानों को 187.98 करोड़ रुपये मिले थे। इस बार दोगुना से ज्यादा भुगतान हो चुका है।
ये भी देखे: यूपी में धान खरीद की तारीखें तय, पश्चिमी इलाके में 1 अक्टूबर से, पूर्वी में 1 नवंबर से शुरू