लोकसभा में कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित, स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगा विपक्ष

by Manu
Om Birla

नई दिल्ली, 09 फ़रवरी 2026: संसद के बजट सत्र में आज भी विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस समेत विपक्षी सांसदों ने ‘राहुल गांधी को बोलने दो’ के नारे लगाए। सदन में नारेबाजी और व्यवधान के कारण स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया।

स्पीकर ओम बिरला ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि नियमों से बोलने का अधिकार सभी सदस्यों को है। सदन गतिरोध और नारेबाजी के लिए नहीं बना है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे सदन की कार्यवाही बाधित न करें।

विपक्ष राहुल गांधी को सदन में अपनी बात रखने का पूरा मौका देने की मांग पर अड़ा हुआ है। कांग्रेस का कहना है कि अगर राहुल गांधी को बोलने दिया जाएगा तो सदन चलेगा। अन्यथा हंगामा जारी रहेगा।

कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष के नेताओं की बैठक हुई। इसमें लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार विपक्ष ने आरोप लगाया कि स्पीकर ने राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान बोलने नहीं दिया। यह संसदीय नियमों का उल्लंघन है।

विपक्ष अब बजट सत्र के दूसरे हिस्से में अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए 20 दिन का नोटिस देना जरूरी है। कांग्रेस सांसदों का कहना है कि लोकसभा में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है।

ये भी देखे: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का बड़ा दावा, ‘संसद में कल PM मोदी पर हमला होने वाला था’

You may also like