पटना, 21 मार्च 2026: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर पटना में विभिन्न सूफी खानकाहों का दौरा किया। उन्होंने सज्जादा नशीनों से मुलाकात की, दुआएं लीं और प्रदेशवासियों को ईद की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सुबह सबसे पहले मुख्यमंत्री खानकाह-मुजीबिया फुलवारीशरीफ पहुंचे। वहां सज्जादा नशीं हजरत सैयद शाह आयतुल्ला कादरी से मुलाकात की। उन्होंने ईद की मुबारकबाद दी और दुआएं लीं।
इसके बाद मुख्यमंत्री मित्तन घाट पटना सिटी स्थित खानकाह-ए-मुनएमिया पहुंचे। यहां सज्जादा नशीं हजरत सैयद शाह शमीमुद्दीन अहमद मुनअमी के साथ मिलकर उन्होंने बिहार की सुख-शांति और समृद्धि की दुआ मांगी। मौजूद लोगों को भी ईद की बधाई दी।
तत्पश्चात मुख्यमंत्री तकिया शरीफ मित्तन घाट स्थित खानकाह बारगाहे इश्क गए। वहां सज्जादा नशीं सैयद शाह ख्वाजा आमिर शाहिद सहित अन्य लोगों से मिले और ईद की शुभकामनाएं दीं।
इस पूरे दौरे के दौरान ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, विधायक श्याम रजक, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
ये भी देखे: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया में 724 योजनाओं को किया लोकार्पित और शिलान्यास