जयपुर फोरम ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल पान मसाला विज्ञापन पर नोटिस जारी किया

by Manu
विमल पान मसाला विज्ञापन विवाद में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ पर नोटिस

जयपुर , 08 मार्च: जयपुर स्थित जिला उपभोक्ता विवाद निवारण फोरम ने बॉलीवुड के सुपरस्टार्स शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल पान मसाला के विज्ञापन को लेकर नोटिस जारी किया है। इस विज्ञापन में यह दावा किया गया था कि पान मसाला के प्रत्येक दाने में केसर की ताकत है, जो कि उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकता है। फोरम ने इन प्रमुख हस्तियों को 19 मार्च को व्यक्तिगत रूप से या उनके प्रतिनिधि के माध्यम से उपस्थित होने के लिए कहा है, ताकि विज्ञापन में किए गए इस दावे की सच्चाई पर स्पष्टता दी जा सके।

शिकायतकर्ता ने उठाए गंभीर सवाल

यह मामला तब सामने आया जब जयपुर के निवासी योगेंद्र सिंह बडियाल ने इस विज्ञापन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि इस विज्ञापन में दिए गए दावे के अनुसार पान मसाले में केसर होना असत्य है, क्योंकि केसर की कीमत लगभग 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि पान मसाला के एक पाउच की कीमत केवल 5 रुपये है। ऐसे में यह दावा करना कि पान मसाले में केसर है, पूरी तरह से भ्रामक और अनुचित है।

विज्ञापन में ‘दाने दाने में है केसर का दम’ का दावा विवादित

विज्ञापन में यह टैगलाइन “दाने दाने में है केसर का दम” ने विवाद को जन्म दिया है। योगेंद्र सिंह बडियाल का आरोप है कि इस तरह के दावे से उपभोक्ताओं को धोखा दिया जा रहा है, क्योंकि केसर जैसे महंगे और दुर्लभ उत्पाद का इस्तेमाल इस पान मसाले में नहीं हो सकता। उन्होंने इस विज्ञापन पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की है।

फोरम ने किया नोटिस जारी

ग्यारसीलाल मीना की अध्यक्षता में उपभोक्ता फोरम ने शिकायत का संज्ञान लिया और पान मसाला के निर्माता जेबी इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और फिल्मी सितारों को नोटिस जारी किया है। फोरम ने यह भी आदेश दिया कि संबंधित पक्ष 19 मार्च को मामले पर स्पष्टीकरण देने के लिए उपस्थित हों।

ये भी देखे: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में होली मनाने को लेकर विवाद सुलझा, छात्रों को मिली अनुमति

You may also like