पंजाब में लॉकडाउन नहीं लग रहा, पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं – CM भगवंत मान

by Manu
CM भगवंत मान

चंडीगढ़, 28 मार्च 2026: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ कहा है कि पंजाब में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है। सीएम मान ने बताया कि सूबे में पेट्रोल का 12 दिन, डीजल का 14 दिन और एलपीजी का 6 दिन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। रूटीन सप्लाई भी पूरी तरह से जारी है।

उन्होंने कहा कि 26 मार्च तक 71 हजार एलपीजी सिलिंडरों की बुकिंग हुई थी, जिनमें से 69 हजार सिलिंडर पहले ही डिलीवर कर दिए गए हैं। सीएम ने जोर देकर कहा कि पंजाब में किसी भी तरह की स्थिति खराब नहीं है।

भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि गेहूं की कटाई का सीजन शुरू होने वाला है, इसलिए पंजाब के लिए पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जाए।

सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिन पेट्रोल पंपों पर लाइन लग रही है, उनकी लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी हालात नियंत्रण से बाहर नहीं हैं। मान ने लोगों से अपील की कि घबराहट में ज्यादा तेल न खरीदें और घर में तेल का स्टॉक इकट्ठा न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यह परिवार की जिंदगी के लिए खतरनाक हो सकता है।

सीएम ने एक विशेष टीम गठित करने की भी घोषणा की है। जो तेल कंपनियों से लगातार संपर्क रखेगी और रोजाना पेट्रोल, डीजल व एलपीजी के स्टॉक की अपडेट देगी।

ये भी देखे: ईरान जंग को लेकर PM मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ की बैठक, कहा- मिलकर काम करें

You may also like