जहानाबाद, 16 अगस्त 2025: बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अपने एक्स हैंडल पर एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि ज्यादा रोजगार पैदा करने वाली औद्योगिक इकाइयों को सरकार मुफ्त जमीन उपलब्ध कराएगी। इसके लिए सभी जिलों में जमीन की व्यवस्था की जाएगी और जमीन से जुड़े विवादों को खत्म किया जाएगा। ये सुविधाएं अगले छह महीनों में उद्यमियों को दी जाएंगी।
नई नीति के तहत उद्योग लगाने वालों को कैपिटल सब्सिडी, ब्याज सब्सिडी और जीएसटी पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को दोगुना किया जाएगा। साथ ही, उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। इस संबंध में जल्द ही विस्तृत अधिसूचना जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बिहार में उद्योगों को प्रोत्साहित करना और युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि सात निश्चय-2 के तहत 2020 में किए गए वादे के अनुसार, उनकी सरकार ने 50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य पूरा कर लिया है। अब अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और स्वरोजगार के अवसर देने का लक्ष्य रखा गया है। नीतीश कुमार ने कहा कि उद्योग और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई सुविधाएं दे रही है, ताकि बिहार के युवा दक्ष और आत्मनिर्भर बन सकें।
ये भी देखे: Bihar News: सीएम नीतीश ने जहानाबाद के बाराबर क्षेत्र में विकास कार्यों का लिया जायजा