मानसा, 03 मार्च 2026: इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में हवाई यातायात ठप होने से मानसा जिले के सरदूलगढ़ का एक नवविवाहित जोड़ा दुबई में फंस गया है। गुरप्रीत सिंह और उनकी पत्नी रूपिंदर कौर हनीमून मनाने 27 फरवरी को दुबई गए थे। उनकी वापसी की उड़ान 3 मार्च को निर्धारित थी लेकिन क्षेत्रीय हवाई क्षेत्र बंद होने से उड़ान रद्द हो गई। अब वे सुरक्षित घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।
गुरप्रीत ने परिवार को फोन कर अपनी सुरक्षा की जानकारी दी है। वे दुबई में किसी होटल या सुरक्षित जगह पर ठहरे हुए हैं लेकिन युद्ध की खबरें सुनकर परिवार में डर बढ़ता जा रहा है। गुरप्रीत के पिता गुरजंट सिंह ने भावुक होकर कहा कि सुबह उठते ही सबसे पहले टीवी पर खबरें देखते हैं। दिनभर अपडेट्स पर नजर रखते रहते हैं। हर नई खबर दिल की धड़कन बढ़ा देती है। जब तक बेटा-बहू सुरक्षित घर नहीं लौट आएंगे तब तक चैन नहीं आएगा।
परिवार ने केंद्र सरकार से अपील की है कि दुबई और अन्य प्रभावित इलाकों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए विशेष उड़ानें या इवैक्यूएशन प्लान तुरंत शुरू किया जाए। गुरजंट सिंह ने कहा कि पहले भी कई संकटों में सरकार ने अपने नागरिकों को निकाला है। इस बार भी जल्द कदम उठाए जाने चाहिए।
ये भी देखे: खामेनेई की हत्या पर भारत सरकार की चुप्पी से हैरान, यह जिम्मेदारी से पीछे हटना – सोनिया गांधी