अमृतसर, 26 फरवरी 2026: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने अपने दफ्तरों में ड्रेस कोड को लेकर बड़ा फैसला लिया है। SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने सभी कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब कोई भी कर्मचारी पैंट-शर्ट पहनकर ड्यूटी पर नहीं आएगा।
नए आदेश के अनुसार सभी कर्मचारियों को पारंपरिक सिख पहनावा पजामा-कुर्ता पहनकर ही दफ्तर पहुंचना अनिवार्य होगा। एसजीपीसी का कहना है कि यह फैसला सिख मर्यादा और परंपराओं की पालना सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। कमेटी चाहती है कि उसके दफ्तरों में सिखी की स्पष्ट झलक दिखाई दे और कर्मचारी सिख पहचान के साथ नजर आएं।
गोल्डन टेंपल के मैनेजर राजिंदर सिंह रूबी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अध्यक्ष के आदेशों की सख्ती से पालना करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारियों को इस नए नियम की जानकारी दे दी गई है और इसका अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने साफ शब्दों में कहा कि अगर कोई कर्मचारी इन हिदायतों की अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी के दफ्तर सिख संस्थान हैं और यहां काम करने वाले हर व्यक्ति को सिख मर्यादा का पालन करना चाहिए।
ये भी देखे: ज्ञानी रघबीर सिंह के आरोपों पर SGPC को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए – परमजीत सिंह सरना