Nepal Protest: त्रिभुवन हवाई अड्डा बंद, उड़ानें रद्द, भारतीय दूतावास ने जारी की हेल्पलाइन

by Manu
त्रिभुवन हवाई अड्डा

काठमांडू, 09 सितंबर 2025: नेपाल की राजधानी काठमांडू इस समय भारी अशांति की चपेट में है। सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ सोमवार को ‘जेन जी’ की अगुवाई में शुरू हुए प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया है।इसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई। इस अशांति के कारण काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को मंगलवार को पूरी तरह बंद करना पड़ा। इससे भारत से नेपाल जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं।

एयर इंडिया ने दिल्ली-काठमांडू-दिल्ली मार्ग पर चलने वाली अपनी चार उड़ानों (AI2231/2232, AI2219/2220, AI217/218 और AI211/212) को रद्द कर दिया। वहीं, इंडिगो की दो उड़ानें—दिल्ली से काठमांडू (6E1153) और मुंबई से काठमांडू (6E1157)— को लैंडिंग की मंजूरी न मिलने पर लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। इंडिगो ने भी काठमांडू के लिए अपनी सभी उड़ानें अगले आदेश तक स्थगित कर दी हैं। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानें चुनने या रिफंड लेने की सुविधा दी है।

भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

इस बीच, भारतीय दूतावास ने नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए दो आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर (+977-9808602881 और +977-9810326134) जारी किए हैं। दूतावास ने भारतीयों से अपील की है कि वे किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क करें और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सतर्क रहें। साथ ही, यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

ये भी देखे: Nepal Protest: नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों में 24 की मौत, भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट

You may also like