गुड़गांव, 13 सितंबर 2025: हरियाणा के गुड़गांव में आज एक सनसनीखेज घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। सिविल लाइन थाने से महज चंद कदम दूर एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पास ही मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत दबोच लिया। मृतका का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, और पुलिस ने हत्या के तहत मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली 30 वर्षीय धन्नी गुड़गांव के सेक्टर-15 इलाके में घरेलू सहायक का काम करती थी। उसका पति शराब का आदी था और दिल्ली में रहता था। वह अक्सर पैसे की मांग को लेकर धन्नी से झगड़ा करता रहता था। मृतका के भतीजे ने बताया कि कुछ दिन पहले भी पैसे के लोभ में पति ने धन्नी पर जानलेवा हमला किया था। इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज सुबह जब धन्नी अपने काम पर जा रही थी, तो थाने के पास घात लगाए बैठे उसके पति ने पहले उसे पीटा और फिर चाकू से कई वार कर हत्या कर दी।
ये भी देखे: रेवाड़ी के भिवाड़ी में पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की पति की हत्या, शव नीले ड्रम में छिपाया